spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडडबल हेलमेट वालों पर एसएसपी ने बरसाए फूल, बिना हेलमेट वालों को...

डबल हेलमेट वालों पर एसएसपी ने बरसाए फूल, बिना हेलमेट वालों को दी नसीहत

- Advertisement -

पीछे बैठी सवारी ने हेलमेट नहीं पहना तो अब वाहन चालक का कटेगा चालान, एसएसपी खुद सड़क पर उतरकर लोगों को किया जागरूक

देहरादून: सड़क सुरक्षा को लेकर देहरादून पुलिस ने अब दोपहिया वाहन चालकों के साथ ही पीछे बैठने वाली सवारी (पिलियन राइडर) को भी हेलमेट पहनाने की मुहिम तेज कर दी है। यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से शुक्रवार को एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान एसएसपी ने खुद सड़क पर उतरकर वाहन चालकों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। अभियान में उनका अंदाज भी कुछ अलग नजर आया। जहां नियमों का पालन करते हुए चालक और पीछे बैठी सवारी दोनों हेलमेट पहनकर सफर कर रहे थे, उन्हें एसएसपी ने फूल देकर सम्मानित किया। वहीं, बिना हेलमेट पीछे बैठकर यात्रा कर रहे लोगों को सुरक्षा का महत्व समझाते हुए हेलमेट वितरित किए गए।

अभियान के दौरान एसएसपी देहरादून ने शहर के प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर दोपहिया वाहन चालकों और आमजन से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों को बताया कि हेलमेट पहनना केवल यातायात नियमों की औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह जीवन की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है। अक्सर देखने में आता है कि दोपहिया वाहन चलाने वाला व्यक्ति तो हेलमेट पहनता है, लेकिन पीछे बैठी सवारी इस नियम को नजरअंदाज कर देती है। जबकि सड़क दुर्घटना की स्थिति में पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट उतना ही जरूरी है जितना वाहन चालक के लिए।

एसएसपी ने बिना हेलमेट पीछे बैठकर यात्रा कर रहे लोगों को हेलमेट की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने समझाया कि दुर्घटना कभी भी और कहीं भी हो सकती है, ऐसे में छोटी सी लापरवाही गंभीर परिणामों का कारण बन सकती है। लोगों को केवल अपनी ही नहीं, बल्कि अपने साथ सफर कर रहे परिजनों और अन्य सवारियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए। इस दौरान पुलिस की ओर से ऐसे पिलियन राइडर्स को हेलमेट भी वितरित किए गए, ताकि वे आगे से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन पर सफर न करें।

*नियमों का पालन करने वालों को फूल देकर किया सम्मानित*

जागरूकता अभियान के दौरान एसएसपी ने यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों का उत्साहवर्धन भी किया। जिन दोपहिया वाहन चालकों के साथ पीछे बैठी सवारी ने भी हेलमेट पहन रखा था, उन्हें फूल देकर सम्मानित किया गया। एसएसपी ने उनके इस जागरूक व्यवहार की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय देते हुए ऐसे लोगों को दूसरों के लिए भी उदाहरण बनना चाहिए। पुलिस का मानना है कि यातायात नियमों के प्रति सकारात्मक व्यवहार को प्रोत्साहित करने से समाज में भी इसका अच्छा संदेश जाएगा और अधिक से अधिक लोग सुरक्षा को अपनी आदत में शामिल करेंगे।

*चालान से बचने के लिए नहीं, जीवन बचाने के लिए करें नियमों का पालन*

इस अवसर पर एसएसपी देहरादून ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस की कार्रवाई या चालान से बचने के लिए नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि यह स्वयं की और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। दून पुलिस का मुख्य उद्देश्य लोगों के चालान करना नहीं, बल्कि उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी सावधानी और जिम्मेदारी बरतकर कई दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है।

एसएसपी ने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें और ओवरस्पीडिंग से बचें। शराब पीकर वाहन न चलाएं, कार में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। इसके साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को स्वयं हेलमेट पहनने के साथ पीछे बैठने वाली सवारी को भी हेलमेट पहनाना सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।

*अब पीछे बैठी सवारी ने हेलमेट नहीं पहना तो चालक पर होगी कार्रवाई*

देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाली सवारी (पिलियन राइडर) के हेलमेट नहीं पहनने की स्थिति में अब वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों को इस संबंध में विशेष रूप से सचेत करते हुए कहा है कि वे दोपहिया वाहन पर सफर करते समय चालक और पीछे बैठने वाली सवारी, दोनों के हेलमेट पहनने को सुनिश्चित करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध यातायात पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

देहरादून पुलिस का यह अभियान एक ओर जहां यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने की पहल है, वहीं दूसरी ओर नियमों का पालन करने वाले नागरिकों को सम्मानित कर सकारात्मक संदेश देने का प्रयास भी है। अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी यातायात सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Advertisement

spot_imgspot_img

Advertisement

spot_imgspot_img

-VIDEO ADVERTISEMENT-

-VIDEO ADVERTISEMENT-

Most Popular