spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडमुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने किया ‘हिमालयन भोजनालय’ का उद्घाटन

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने किया ‘हिमालयन भोजनालय’ का उद्घाटन

- Advertisement -

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने विकासखंड चिन्यालीसौड़ में रीप परियोजना के अंतर्गत ‘हिमालयन भोजनालय’ का किया उद्घाटन, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से किया संवाद

चिन्यालीसौड़: शुक्रवार को मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने रीप परियोजना के अंतर्गत गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर विकासखंड चिन्यालीसौड़ के नगुण बैरियर के पास स्थापित वे-साइड ईटरी का उद्घाटन किया। इस वे-साइड ईटरी का संचालन सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा ‘हिमालयन भोजनालय’ के नाम से किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्य सचिव ने समूह की महिलाओं से संवाद कर उनके व्यवसाय एवं आमदनी के संबंध में जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन पुलिस बैरियर के पास रुकते हैं, जिससे भोजनालय में यात्रियों का आना-जाना बना रहता है। इसके साथ ही समीप में पार्क होने के कारण शाम को टहलने आने वाले स्थानीय लोग भी यहां भोजन एवं स्नैक्स का आनंद लेते हैं। इससे उन्हें अच्छी आमदनी प्राप्त हो रही है।

समूह की महिलाओं ने बताया कि रीप परियोजना के सहयोग से उन्हें इस उद्यम की स्थापना में सहायता मिली। परियोजना द्वारा सहयोग के साथ बैंक से ऋण भी उपलब्ध कराया गया, जिससे वे अपना व्यवसाय शुरू करने में सक्षम बनी है। अब उन्हें बड़े आयोजनों एवं अन्य अवसरों के लिए भी भोजन के ऑर्डर प्राप्त होते हैं, जिन्हें वे मांग के अनुसार पूरा कर रही हैं। महिलाओं ने इस अवसर पर सरकार और रीप परियोजना का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से उन्हें रोजगार के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।

परियोजना प्रबंधक रीप ने बताया कि रीप परियोजना के अंतर्गत प्रदेशभर में इस प्रकार की वे-साइड ईटरी विकसित की जा रही हैं। इन सभी केंद्रों को एकरूप पहचान देने के उद्देश्य से ‘हिमालयन भोजनालय’ नाम से संचालित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को स्थानीय एवं पारंपरिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना तथा उनकी आजीविका को मजबूत बनाना है। जिला प्रशासन द्वारा जनपद में इस तरह के रोजगार मॉडल्स को प्रोत्साहित करने के लिए स्थानों की उपलब्धता भी कराई जा रही है।

मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें अपनी आजीविका बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद, डीडीओ वेद प्रकाश, डीपीएम रीप कपिल उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी और समूह की महिलाएं उपस्थित रही।

RELATED ARTICLES

Advertisement

spot_imgspot_img

Advertisement

spot_imgspot_img

-VIDEO ADVERTISEMENT-

-VIDEO ADVERTISEMENT-

Most Popular