
21 नवंबर को दोपहर 1 बजे से शाम 7:30 बजे तक लागू रहेगी यातायात व्यवस्था, सहारनपुर चौक से सुभाष रोड तक निकलेगी शोभायात्रा
देहरादून: प्रकाश पर्व के अवसर पर शनिवार, 21 नवंबर को देहरादून में निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। शोभायात्रा के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। इसके तहत दोपहर 1 बजे से शाम 7:30 बजे तक अलग-अलग स्थानों पर आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्ट किया जाएगा। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग का प्रयोग करने से बचें और असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
यातायात पुलिस के अनुसार प्रकाश पर्व की शोभायात्रा गुरुद्वारा पटेलनगर से प्रारंभ होकर सहारनपुर चौक, लक्खीबाग पुलिस चौकी, दर्शनी गेट, धामावाला, पलटन बाजार, दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक और सुभाष रोड होते हुए गुरुद्वारा श्री नानक निवास, सुभाष रोड पहुंचेगी, जहां शोभायात्रा का समापन होगा।
*शोभायात्रा के दौरान इस तरह रहेगा यातायात डायवर्जन*
शोभायात्रा के दौरान सड़क के बाईं ओर से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जबकि दाईं ओर से यातायात संचालित किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर पटेलनगर मंडी, लालपुल, बल्लीवाला चौक और सहारनपुर चौक से यातायात को आंशिक रूप से डायवर्ट कर जीएमएस रोड के रास्ते घंटाघर की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के दर्शनी गेट में पूरी तरह प्रवेश करने के बाद संबंधित स्थानों पर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
शोभायात्रा के घंटाघर से दर्शनलाल चौक की ओर बढ़ने पर चकराता रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, ओरिएंट चौक से घंटाघर की ओर जाने वाले यातायात को रोक-रोककर छोड़ा जाएगा।
शोभायात्रा के दर्शनलाल चौक पहुंचने पर तहसील चौक से आने वाले यातायात को घंटाघर की ओर भेजा जाएगा, जबकि लैंसडाउन चौक से दर्शनलाल चौक की ओर आने वाले वाहनों को कनक चौक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। शोभायात्रा के दर्शनलाल चौक पार करने के बाद लैंसडाउन चौक से यातायात को दोबारा दर्शनलाल चौक की ओर भेजा जाएगा।
इसी तरह शोभायात्रा के बुद्धा चौक पहुंचने पर दून चौक से आने वाले यातायात को दर्शनलाल चौक की ओर भेजा जाएगा। क्रॉस रोड से बुद्धा चौक की ओर आने वाले वाहनों को मनोज क्लिनिक से सीजेएम तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। शोभायात्रा के बुद्धा चौक पार करने के बाद बुद्धा चौक से एमकेपी चौक जाने वाले वाहनों को क्रॉस रोड से और एमकेपी चौक से बुद्धा चौक की ओर आने वाले वाहनों को दून चौक से भेजा जाएगा।
*सुभाष रोड पर भी रहेगी यातायात की विशेष व्यवस्था*
शोभायात्रा के सुभाष रोड पहुंचने पर यातायात को आवश्यकतानुसार रोक-रोककर छोड़ा जाएगा। इस दौरान सीएमआई और रेसकोर्स चौक से किसी भी वाहन को एमकेपी चौक की ओर नहीं भेजा जाएगा। शोभायात्रा के गुरुद्वारा श्री नानक निवास में प्रवेश करने के बाद संबंधित मार्गों पर यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।
*इन स्थानों पर बनाए गए डायवर्जन और बैरियर प्वाइंट*
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने पटेलनगर मंडी, बल्लीवाला चौक, लालपुल तिराहा, घंटाघर, बुद्धा चौक, लैंसडाउन चौक, सीएमआई तिराहा और एमकेपी चौक को डायवर्जन एवं बैरियर प्वाइंट बनाया है। इन स्थानों पर यातायात पुलिस के जवान तैनात रहेंगे और शोभायात्रा की स्थिति के अनुसार वाहनों का संचालन किया जाएगा।
*नो पार्किंग में वाहन खड़ा किया तो लगेगा 1500 रुपये जुर्माना*
यातायात पुलिस ने शोभायात्रा को देखते हुए वाहन चालकों के लिए विशेष एडवाइजरी भी जारी की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही निजी वाहनों का इस्तेमाल करें और जहां तक संभव हो रिक्शा, टेंपो तथा सिटी बस जैसे सार्वजनिक परिवहन साधनों का प्रयोग करें। नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन के माध्यम से वाहन टो किया जाएगा, जिसके लिए 1500 रुपये जुर्माना निर्धारित किया गया है।
पुलिस ने सार्वजनिक मार्गों, तिराहों और चौराहों पर वाहन खड़े नहीं करने की हिदायत दी है। ऐसे वाहनों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। मार्गों पर अनावश्यक रूप से खड़े पाए जाने वाले वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी। वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन खड़े करने की सलाह दी गई है।
*सहारनपुर रोड, गांधी रोड और घंटाघर जाने से बचें*
यातायात पुलिस ने संभावित जाम से बचने के लिए सहारनपुर रोड, गांधी रोड, घंटाघर, बुद्धा चौक और सुभाष रोड का कम से कम प्रयोग करने की अपील की है। साथ ही लोगों से यातायात पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन प्लान का पालन करने और पुलिसकर्मियों को यातायात संचालन में सहयोग देने का अनुरोध किया है।
पुलिस के अनुसार शोभायात्रा के दौरान एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को न तो रोका जाएगा और न ही डायवर्ट किया जाएगा। यातायात पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित समय के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के साथ ही शहर में यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे।
शोभायात्रा का मार्ग
गुरुद्वारा पटेलनगर → सहारनपुर चौक → लक्खीबाग पुलिस चौकी → दर्शनी गेट → धामावाला → पलटन बाजार → दर्शनलाल चौक → बुद्धा चौक → सुभाष रोड → गुरुद्वारा श्री नानक निवास, सुभाष रोड (समापन)
डायवर्जन/बैरीयर प्वाइंट:-
★ पटेलनगर मंडी
★ बल्लीवाला चौक
★ लालपुल तिराहा
★ घंटाघर
★ बुद्धा चौक
★ लैंसडाउन चौक
★ सीएमआई तिराहा
★ एमकेपी चौक
अपील
इस अवधि में शोभायात्रा मार्ग के प्रयोग से यथासंभव बचें, यातायात पुलिस द्वारा दिये गये डायवर्जन मार्गो का प्रयोग करें।



