spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडरैपिडो चालक निकला शातिर चोर, आठ लाख की ज्वेलरी के साथ गिरफ्तार

रैपिडो चालक निकला शातिर चोर, आठ लाख की ज्वेलरी के साथ गिरफ्तार

- Advertisement -

देहरादून: प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रैपिडो ऑटो चालक द्वारा महिला का सूटकेस और कीमती सामान चोरी करने के मामले का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी चालक को झाझरा बैरियर चेक पोस्ट से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की गई करीब आठ लाख रुपये की ज्वेलरी और अन्य सामान बरामद किया गया है। घटना में प्रयुक्त ऑटो को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को आस्तिका यादव निवासी डूंगा, थाना प्रेमनगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रैपिडो ऑटो चालक उनका सूटकेस और अन्य सामान लेकर फरार हो गया। सूटकेस में कीमती ज्वेलरी भी रखी थी। शिकायत के आधार पर प्रेमनगर थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी के खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही रैपिडो कंपनी से संदिग्ध ऑटो चालक के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की।

14 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने झाझरा बैरियर चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान कमलेश कुमार (29) निवासी पीलीभीत, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी जमनपुर, सेलाकुई को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी की गई ज्वेलरी और अन्य सामान बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है। चोरी में इस्तेमाल ऑटो (UK07TE-1394) भी बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोरी की ज्वेलरी बेचने के लिए वह देहरादून से बाहर जाने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रेमनगर थानाध्यक्ष एसआई गिरीश नेगी, चौकी प्रभारी झाझरा उपनिरीक्षक प्रद्युम्न सिंह नेगी, उपनिरीक्षक जगदंबा प्रसाद बहुगुणा सहित अन्य पुलिसकर्मी और एसओजी नगर के हेड कांस्टेबल किरन कुमार शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

Advertisement

spot_imgspot_img

Advertisement

spot_imgspot_img

-VIDEO ADVERTISEMENT-

-VIDEO ADVERTISEMENT-

Most Popular