spot_imgspot_img
Homeदेश/विदेशआम आदमी पार्टी में टूट, राघव चड्ढा भाजपा में शामिल

आम आदमी पार्टी में टूट, राघव चड्ढा भाजपा में शामिल

अरविंद केजरीवाल की पार्टी आप में बड़ी टूट. केजरीवाल और भगवंत मान ने कहा- यह पंजाब के साथ धोखा है.

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी में टूट हो गई है. आप के राज्यसभा के 10 सांसदों में से सात सांसद भाजपा में शामिल हो गए. आप सांसद राघव चड्ढा अपने साथियों के साथ भाजपा में शामिल हुए. संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, सांसद राघव चड्ढा ने कहा, “हमने फैसला किया है कि हम, राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सदस्य, भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए भाजपा में विलय कर लेंगे.” आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह पंजाब के साथ धोखा है.

पिछले कुछ महीनों से चड्ढा को लेकर ऐसी खबरें मीडिया में आ रही थीं. राघव चड्ढा ने कहा कि उनके साथ हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, राजिंदर गुप्ता और विक्रम साहनी भी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि हमने राज्यसभा सचिवालय को भी इसकी सूचना दे दी है.

सांसद राघव चड्ढा ने कहा, “राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के 10 सांसद हैं, जिनमें से दो तिहाई से अधिक इस मामले में हमारे साथ हैं. उन्होंने हस्ताक्षर किए हैं और आज सुबह हमने हस्ताक्षरित पत्र और दस्तावेज राज्यसभा अध्यक्ष को सौंप दिए हैं… उनमें से तीन आपके सामने उपस्थित हैं. हमारे अलावा, हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल भी हैं.”

ये हैं राज्यसभा के सात सांसद

  • हरभजन सिंह
  • स्वाति मालीवाल
  • राघव चड्ढा
  • अशोक मित्तल
  • संदीप पाठक
  • विक्रम साहनी
  • राजिंदर गुप्ता

सांसद संदीप पाठक ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरे जीवन में ऐसी स्थिति आएगी. लेकिन ऐसा हुआ. मैं 10 साल तक इस पार्टी का हिस्सा रहा. आज मैं AAP से अलग रास्ता अपना रहा हूं…जब पार्टी में शामिल होने की बात आई, तो मैं AAP में इसलिए शामिल हुआ क्योंकि वे नई राजनीति और काम की राजनीति की बात करते थे…10 साल में मैंने कड़ी मेहनत की…मैंने जो भी राजनीतिक फैसले लिए, वे पार्टी के हितों को प्राथमिकता देते हुए लिए…मैं आज भाजपा में शामिल हो रहा हूं और AAP में अपने सभी पदों को त्याग रहा हूं.”

राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो तिहाई सांसदों द्वारा भाजपा में विलय की घोषणा पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, “भाजपा ने पंजाब के साथ विश्वासघात किया है…शरद पवार, शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस की पार्टियों में भी वही वाशिंग मशीन इस्तेमाल की गई थी…भाजपा का पंजाब में कोई आधार नहीं है. उन्होंने कहा कि यह पंजाब के साथ धोखा है. सीएम ने कहा कि भाजपा पंजाब में अच्छे कामों को रोकना चाहती है, इसलिए इस षडयंत्र को रचा गया. मान ने कहा कि भाजपा पंजाब की छवि को खराब करना चाहती है.

आप सांसद संजय सिंह ने पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, “भाजपा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार द्वारा किए गए अच्छे कार्यों में बाधा डालने का काम किया है… आप के सात राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल हो रहे हैं, पंजाब की जनता को इन सात नामों को याद रखना चाहिए. पंजाब की जनता इन्हें कभी नहीं भूलेगी.”

उन्होंने कहा, “पंजाब सरकार के खिलाफ ऑपरेशन लोटस चलाया जा रहा है… इस ऑपरेशन लोटस को अंजाम देने के लिए ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल किया जा रहा है… पंजाब की जनता इन ‘गद्दारों’ को कभी नहीं भूलेगी.”

RELATED ARTICLES

-VIDEO ADVERTISEMENT-

Most Popular