spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडविकासनगर में संगठित गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, गैंगस्टर एक्ट में दो...

विकासनगर में संगठित गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, गैंगस्टर एक्ट में दो आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

- Advertisement -

गैंग लीडर शुभम त्यागी और साथी संदीप पर चोरी, नकबजनी व मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामले दर्ज

देहरादून: संगठित अपराधों के खिलाफ देहरादून पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विकासनगर क्षेत्र में सक्रिय एक गिरोह के गैंग लीडर समेत दो आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान शुभम त्यागी और संदीप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों संगठित गिरोह बनाकर चोरी, नकबजनी, मादक पदार्थों की तस्करी समेत विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। दोनों के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठित अपराधों में लिप्त अपराधियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। साथ ही अपराध के जरिए अर्जित की गई अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर उनके जब्तीकरण की कार्रवाई करने को भी कहा गया था।

इन्हीं निर्देशों के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस ने गैंग लीडर शुभम त्यागी और उसके साथी संदीप के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों का गैंग चार्ट तैयार कर रिपोर्ट जिलाधिकारी देहरादून को भेजी थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर 19 नवंबर 2026 को कोतवाली विकासनगर में दोनों के खिलाफ मुकदमा संख्या 354/26, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गैंग लीडर शुभम त्यागी के खिलाफ वर्ष 2020 से 2026 के बीच चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, गिरोह के सदस्य संदीप के खिलाफ वर्ष 2018 से 2026 के बीच एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी व नकबजनी से जुड़े पांच मुकदमे दर्ज हैं।

अवैध संपत्तियों की होगी जांच

पुलिस अब आपराधिक गतिविधियों के माध्यम से दोनों आरोपियों द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्तियों को चिह्नित कर रही है। संपत्तियों की पहचान होने के बाद उनके जब्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Advertisement

spot_imgspot_img

Advertisement

spot_imgspot_img

-VIDEO ADVERTISEMENT-

-VIDEO ADVERTISEMENT-

Most Popular