
30.50 करोड़ रुपये से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास
जौनपुर क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने कीं महत्वपूर्ण घोषणाएं, थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा
लोक संस्कृति के संरक्षण के साथ पर्यटन, कृषि और स्वरोजगार को बढ़ावा देना राज्य सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री
थत्यूड़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल के धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 30.50 करोड़ रुपये से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने सहित कई घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण को मंजूरी देने, पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा के लिए 2.73 करोड़ और भवन बाजार की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण तथा पर्यटन, कृषि और स्वरोजगार को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों में करीब 1300 करोड़ रुपये से विशेष पर्यटन क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण के साथ कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। कद्दूखाल में आठ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पार्किंग बनाई जा रही है। कैम्पटी-चड़ोगी मार्ग पर छह करोड़ रुपये के भूस्खलन सुरक्षा कार्य और दस करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क सुधारीकरण का कार्य पूरा हो चुका है।
धामी ने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये पार कर चुकी है। स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, होमस्टे और फार्म मशीनरी बैंक से रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। नकल विरोधी कानून के बाद 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने साबली के प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी नवाचारों की सराहना की। पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली में रामायण और महाभारत के अनुवाद तथा लोकभाषा संरक्षण के लिए जौनपुर रत्न सम्मान दिया।

विधायक प्रीतम सिंह पंवार और ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं को रखा। कार्यक्रम में राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल सहित महोत्सव समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



