
सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू थे दोनों पक्ष, पुलिस के समझाने पर भी नहीं माने युवक
देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग मचाने और आपस में झगड़ा कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले आठ युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की में बदल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक शांत होने के बजाय एक-दूसरे से मारपीट पर उतारू हो गए। इसके बाद पुलिस ने सभी आठ युवकों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों और अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने, आपसी विवाद और शांति भंग करने का प्रयास करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके तहत जिलेभर में पुलिस टीमें लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चला रही हैं।

इसी क्रम में 11 नवंबर की शाम थाना रायपुर पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया है। दोनों पक्षों के लोग सार्वजनिक स्थान पर जोर-जोर से गाली-गलौज कर रहे हैं और मारपीट पर उतारू हैं। सूचना मिलते ही रायपुर थाने से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां दोनों पक्षों के बीच बहस और धक्का-मुक्की होती मिली।
पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाने और विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। दोनों पक्षों के लोग और अधिक उग्र हो गए तथा एक-दूसरे को मारने-पीटने पर आमादा हो गए। मौके पर संज्ञेय अपराध होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के आठ युवकों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवकों में ये शामिल
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अजय कुमार (23), आयुष (25), गौरव कुमार (26) और अरचित (23), निवासी डांडा लखौंड, थाना रायपुर के रूप में हुई है। इनके अलावा आकाश मराठा (22), निवासी नागल हटनाला, थाना राजपुर, शुभम रावत (22), निवासी अपर चिड़ोवाली, रायपुर, वकुल मखीजा (23), निवासी सरस्वती विहार, रायपुर रोड और ओम जुयाल (21), निवासी चिड़ोवाली कंडोली, रायपुर को भी गिरफ्तार किया गया है।
देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, गाली-गलौज और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



