spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडअहिल्याबाई होलकर पुरस्कार से पत्रकार गुसाईं सहित लोग सम्मानित

अहिल्याबाई होलकर पुरस्कार से पत्रकार गुसाईं सहित लोग सम्मानित

देहरादून: अहिल्याबाई होलकर पुरस्कार से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभाने वाले 11 विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इन सम्मानितजनों में 10 महिलाएँ एवं 1 पुरुष शामिल हैं। यह सम्मान वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के कर-कमलों से प्रदान किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक शीशपाल गुसाईं को उनकी महिलाओं पर केंद्रित महत्वपूर्ण कृति “मध्य हिमालय उत्तराखंड की ऐतिहासिक महिलाएँ” के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यह पुस्तक मध्य हिमालय क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं समकालीन महिलाओं के सामाजिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक योगदान को सशक्त रूप से रेखांकित करती है। सम्मान प्रदान करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई होलकर का योगदान भारतीय इतिहास में अतुलनीय है।

उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर ने देशभर में मंदिरों के पुनर्निर्माण और संरक्षण के साथ-साथ लोककल्याणकारी कार्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा दी। ऐसे महान व्यक्तित्व के नाम पर यह सम्मान प्रदान करना अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सम्मानित सभी विभूतियाँ भविष्य में भी अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज और राज्य का नाम रोशन करती रहेंगी। “पुण्यश्लोक देवी श्री अहिल्याबाई होलकर पुरस्कार समिति” द्वारा किया गया, जिसके अध्यक्ष एडवोकेट पंकज होलकर हैं। यह समिति देवी अहिल्याबाई होलकर समिति, सोसाइटी ऑफ मिशन 4G संगठन के तत्वावधान में कार्यरत है।

इस आयोजन को सोसाइटी ऑफ मिशन 4G प्लस (गौ, गंगा, गाँव और गायत्री) पंजीकृत के सुभाष भट्ट तथा होलकर समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से संपन्न कराया। आयोजकों ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करना उनका नैतिक दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सम्मान समारोह एक सतत परंपरा के रूप में आगे भी निरंतर आयोजित किया जाता रहेगा, ताकि उत्कृष्ट कार्य करने वालों का मनोबल बढ़े और समाज में प्रेरणा, मूल्यों और सेवा भाव का संचार हो।

इस पुरस्कार समारोह से पूर्व पहले सत्र में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रणेता इंद्रमणि बडोनी की जन्म शताब्दी के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके पश्चात दूसरे सत्र में अहिल्याबाई होलकर के सामाजिक एवं ऐतिहासिक योगदान का स्मरण करते हुए यह पुरस्कार समारोह संपन्न हुआ।

सम्मानितजनों को अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा, शॉल एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 400 गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

अहिल्याबाई होलकर पुरस्कार से ममता रावत, संगीता राणा, रमिन्द्री मंद्रवाल, इन्द्रानी पांधी, सुशीला सेमवाल, मधु थपलियाल, नमिता ममगाईं, शीशपाल गुसाईं, विजय बदुनी डंगवाल, अर्चना डिमरी व प्रज्ञा भारद्वाज को नवाजा गया।

यह आयोजन न केवल महिलाओं के योगदान को सम्मानित करने का सशक्त मंच सिद्ध हुआ, बल्कि समाज में सकारात्मक कार्यों के प्रति प्रेरणा देने वाला भी रहा। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_imgspot_img

Most Popular