Tuesday, March 24, 2026
spot_imgspot_img
spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडयूजेवीएन लिमिटेड द्वारा अंतर्निगमीय शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिता का आयोजन

यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा अंतर्निगमीय शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिता का आयोजन

देहरादून: यूजेवीएन लिमिटेड में अपने कार्मिकों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ एवं सक्रिय रखने एवं निगम के अंतर्गत खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देने हेतु विभिन्न इंडोर एवं आउटडोर खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।

इसी क्रम में निगम की चीला जल विद्युत परियोजना की ओर से अंतर्निगमीय शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में निगम की गंगा घाटी, यमुना घाटी भगीरथी घाटी परियोजनाओं तथा देहरादून मुख्यालय की टीमों द्वारा प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन महाप्रबंधक गंगा घाटी पंकज अग्रवाल द्वारा किया गया।

इस अवसर पर पंकज अग्रवाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि शतरंज और कैरम मानसिक एकाग्रता तथा दृढ़ता वाले खेल हैं तथा इनसे व्यक्ति में संयम और शांतचित होकर कार्य करने की क्षमता बढ़ती है। इस अवसर पर उपमहाप्रबंधक धीरज गुप्ता ने कहा कि शतरंज और कैरम खेल का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इन खेलों से आप शारीरिक रूप से थके बिना किसी एक चीज पर ध्यान लगाकर उसे लक्ष्य बनाते हुए हासिल करने की जो कला सीखते हैं वह कार्यस्थल पर आपके प्रदर्शन को बेहतरीन बनाने में सहायक होती है। आज के शतरंज मुकाबले में फाइनल मैच गंगा घाटी के खिलाड़ियों विकास उपाध्याय एवं दीपेन्द्र सिंह के मध्य खेला गया जिसमें विकास उपाध्याय ने जीत दर्ज करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की।

विनोद कुमार एवं विरेन्द्र बोरा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। कैरम प्रतियोगिता में एकल वर्ग में देहरादून मुख्यालय के अनुराग गुप्ता ने यमुना घाटी के योगेश धीमान को हराते हुए ट्रॉफी अपने नाम की। इस वर्ग का सांत्वना पुरस्कार मनीष खुल्बे एवं विवेक रतूड़ी को दिया गया। कैरम के युगल वर्ग में यमुना घाटी का मुकाबला गंगा घाटी से हुआ जिसमें यमुना घाटी के आनंद प्रकाश तथा नियामुद्दीन की जोड़ी ने गंगा घाटी के लोकेंद्र भंडारी तथा अमित बिष्ट की जोड़ी को पराजित करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की। युगल वर्ग का सांत्वना पुरस्कार अनुराग गुप्ता व विवेक रतुड़ी तथा सरताज बिष्ट व प्रीतम तोमर की जोड़ी को दिया गया।

चीला परियोजना की खेल गतिविधियों के नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता यशपाल बिष्ट ने प्रतियोगिता आयोजन हेतु निगम प्रबंधन का आभार प्रकट करते हुए कहा कि खिलाड़ियों द्वारा अपने निगमीय कार्यों के साथ साथ खेलों में भी समय निकालकर उत्कृष्ट प्रदर्शन खिलाड़ियों की बहुमुखी प्रतिभा को दर्शाता है।

उक्त क्रीड़ा प्रतियोगिता के आयोजन के अवसर पर यूजेवीएन लिमिटेड गंगा घाटी के महाप्रबंधक पंकज अग्रवाल, उपमहाप्रबंधक धीरज गुप्ता, अधिशासी अभियंता यशपाल बिष्ट, अरविंद कुमार, मधुसूदन वर्मा, शोभाराम, वरिष्ठ लेखाधिकारी दिग्विजय सिंह के साथ ही मोहम्मद अनीस, पवन कुमार, प्रवेश कुमार, मनोज कुमार, अंकुर गोयल, जगदीश उपाध्याय के अतिरिक्त बड़ी संख्या में निगम के खिलाड़ी, कार्मिक एवं क्षेत्रीय खेलप्रेमी भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े: सूबे के मेधावी छात्र-छात्राओं की माताएं होंगी सम्मानितः डा. धन सिंह रावत

RELATED ARTICLES

-VIDEO ADVERTISEMENT-

Most Popular