देहरादून: होली त्यौहार की धूम पूरे देश भर में देखी जा रही है. उत्तराखंड में भी होली त्यौहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है. इसी क्रम में लोकभवन में भी होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया. लोक भवन में आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत समेत तमाम अधिकारियों ने होली खेली. साथ ही देश और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं भी दी.
लोकभवन में होली मिलन समारोह: राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पूरी मानवता, हर भारतीय और हर उत्तराखंडी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोगों के भीतर हर्ष, उल्लास दिखाई दे रहा है. सबसे बड़ी बात समरसता की है, ताकि लोग एक दूसरे के साथ जुड़ें. रंगों का मतलब यही है कि प्रभु के जो सभी रंग हैं, वह एक साथ मिलें. जो खुशी सभी के अंदर दिखाई दे रही है, वह प्रभु का आशीर्वाद है. साथ ही कहा कि तीन दिन वसंत उत्सव मनाया गया. ऐसे में वसंत उत्सव के दौरान वो फूल और अरोमा यह संदेश दे रहे थे, कि हर उत्तराखंडी की यह जिम्मेदारी है कि हम अपनी अर्थव्यवस्था को ग्लोबल डिमांड के साथ मिलाएं.
सीएम धामी मंत्रियों के साथ होली मिलन समारोह में हुए शामिल: वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगों का पर्व सबके जीवन में सुख समृद्धि और खुशियां लेकर आए. ये त्यौहार हम सभी को एक रस और समरस होकर सामाजिक रूप से हमारे ताने-बाने को और मजबूत करता है. ताकि हम सभी लोग एकजुट होकर समाज और राष्ट्र के लिए काम करें.

राज्यपाल के साथ होली खेलते सीएम धामी

सीएम धामी के साथ होली खेलते मंत्री गणेश जोशी
सीएम धामी ने कहा लोक संस्कृति का संवर्धन जरूरी: साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लोक संस्कृतियों का संवर्धन होना बहुत जरूरी है. यहां पर कुमाऊंनी होली काफी अधिक प्रसिद्ध है. इसके साथ ही बैठकी होली, खड़ी होली, रंगों की होली समेत तमाम तरह की होली मनाई जाती है. इसके अलावा अलग-अलग संस्कृति में होली को मनाने की अलग-अलग मान्यताएं हैं. ऐसे में मुख्यमंत्री आवास में जो होली मिलन का कार्यक्रम किया गया था, उस दौरान सभी संस्कृति से जुड़े लोगों ने मिलजुल कर होली पर्व को मनाया था.

सीएम धामी को होली की बधाई देते मुख्य सचिव आनंद वर्धन
स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने दी होली की शुभकामनाएं: स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकभवन में आयोजित होली मिलन समारोह में वो भी शामिल हुए हैं. होली पर्व उत्तराखंड के साथ ही पूरे देश भर में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. लोकभवन में भी होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया.

लोकभवन में होली खेलते आईपीएस अफसर जीएस मर्तोलिया, निवेदिता कुकरेती, रविनाथ रमन और अन्य
कृषि मंत्री गणेश जोशी बोले 2027 में मनाएंगे बड़ी होली: कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हमारे तीज, त्यौहार और मेले, संस्कृति के वाहक होते हैं. देशभर में होली का त्यौहार हजारों वर्षों से मनाया जा रहा है. आज के दिन एक बुराई का अंत हुआ था और होलिका का दहन हुआ था. उसी खुशी में होली मनाई जाती है.

अफसरों को रंग लगाते सीएम धामी
होली एक ऐसा त्यौहार है जिस दिन हम अपने दुश्मन को भी गले लगाते हैं. ऐसे में हम सभी लोगों को यह संकल्प लेने की जरूरत है कि हमारे अंदर जो बुराई है, उसको समाप्त करेंगे. गणेश जोशी ने कहा कि एक बहुत बड़ी होली साल 2027 में आने वाली है. जब आगामी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीत कर आएंगे, उसके बाद एक बड़ी होली मनाएंगे.


