Tuesday, March 24, 2026
spot_imgspot_img
spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडस्वास्थ्य मंत्री डा. रावत ने दिलाई मेडिकल छात्रों को चरक शपथ

स्वास्थ्य मंत्री डा. रावत ने दिलाई मेडिकल छात्रों को चरक शपथ

कांग्रेस विधायक मनोज तिवारी ने की स्वास्थ्य मंत्री के कार्यों की जमकर तारीफ

कहा, डॉ. रावत के नेतृत्व में स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में हुये अभूतपूर्व कार्य

अल्मोड़ा/देहरादून: राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा में आयोजित वर्ष 2025 के मेडिकल छात्रों की व्हाइट कोट सेरेमनी में सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं को चरक शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों को एमबीबीएस की पढ़ाई पूरे मनोयोग के साथ करने के साथ ही उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। समारोह में अल्मोड़ा से सांसद एवं केन्द्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा तथा अल्मोड़ा से ही कांग्रेस विधायक मनोज तिवाड़ी ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के विकास कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. रावत के विभागों में अभूतपूर्व कार्य हुये हैं, जिनका लाभ पूरे प्रदेशवासियों को मिल रहा है।

सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में पहुंचकर नये बैच के एमबीबीएस छात्रों को चरक शपथ दिलाई। डॉ. रावत ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में चिकित्सकों का योगदान अद्वितीय रहा है। जिसको ध्यान में रखते हुये एमबीबीएस का कोर्स कर रहे सभी छात्र-छात्राओं को पूरे लगन व मनोयोग के साथ डॉक्टरी की पढ़ाई पूर्ण कर समाज को अपने पेशे का पूरा लाभ देना चाहिये तभी चरक शपथ का उद्देश्य भी पूरा होता है। डॉ. रावत ने कहा कि अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिये सभी प्रकार के चिकित्सकीय उपकरणों के साथ ही सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की भी तैनाती कर दी गई है। भविष्य में मेडिकल कॉलेज में पीजी की कक्षाएं भी संचालित की जायेगी ताकि यहां से विशेषज्ञ चिकित्सक निकल कर प्रदेश को अपनी बेहतर सेवाएं दे सकेंगे।

अल्मोड़ा सांसद एवं केन्द्रीय राज्य मंत्री अजट टम्टा ने भी नये बैच के एमबीबीएस छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुये मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध सुविधाओं के लिये स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रावत की प्रशंसा की। समारोह में उपस्थित स्थानीय कांग्रेस विधायक मनोज तिवाड़ी ने भी अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज को शुरू करने सहित यहां पर जनता को मिल रही उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के लिये विभागीय मंत्री की जमकर तारीफ की। विधायक तिवाड़ी ने कहा कि स्थानीय जनता की आवश्यकताओं के अनुसार स्वयं उनके द्वारा अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा मेडिकल कॉलेज में सुविधाओं को लेकर जो भी मांग थी उनके द्वारा बखूबी पूरी की गई। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभागों में की गई हजारों नियुक्तियों को लेकर भी स्थानीय विधायक ने जमकर तारीफ की। उन्होंने उम्मीद जताई की भविष्य में भी स्वास्थ्य मंत्री अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिये तत्पर रहेंगे।

कार्यक्रम में अल्मोड़ा के महापौर अजय वर्मा, विधायक प्रमोद नैनवाल, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, पूर्व विधायक रघुनाथ चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सी.पी. भैसोड़ा सहित मेडिकल फैकल्टी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

-VIDEO ADVERTISEMENT-

Most Popular