मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश का असर
देहरादून पुलिस ने हत्याकाण्ड के शूटर और सहयोगी को विभिन्न जगह पर मुठभेड़ में किया गिरफ्तार, Firing में दो बदमाशों को लगी गोली
देहरादून (उत्तराखंड): राजधानी देहरादून की तिब्बती मार्केट हत्याकांड में दून पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. रायपुर के लाडपुर जंगल और लालतप्पर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने घायल दोनों बदमाशों को इलाज के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया. गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई है. साथ ही पूछताछ में तिब्बती मार्केट में हुई हत्या को अंजाम देने की बात स्वीकार की है. घटना के बाद देहरादून एसएसपी अजय सिंह भी अस्पताल पहुंचे.

देहरादून की तिब्बती मार्केट में अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े हत्या करने वाले दो बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी अजय सिंह ने टीमों का गठन किया गया था.जिसके बाद टीमें शहर से देहात तक लगातार नाकेबंदी और सघन चेकिंग कर रही थी. चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार बदमाश को लालतप्पर पुलिस चौकी पर पुलिस ने रोकने का प्रयास किया लेकिन वो भाग निकला, बदमाश भागकर खंडर फैक्ट्री मे घुसकर पुलिस टीम पर फायर करने लगे.

