
देहरादून: गुंजन हत्याकांड मामले पर देहरादून पुलिस ने चार दिन के भीतर आज आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की. उत्तराखंड के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि पुलिस ने हत्या से संबंधित मामले में चार दिन में चार्जशीट दाखिल की. दून पुलिस द्वारा उच्च अधिकारियों से अपील की गई है कि यह मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाए जाए. जिससे आरोपी को जल्द से जल्द सजा और मृतका के परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके.
मामले के मुताबिक, 2 फरवरी को देहरादून के मच्छी बाजार में हुई गुंजन की हत्या के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश को गिरफ्तार किया. 3 फरवरी को आकाश को अदालत में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इस मामले की जांच के लिए देहरादून एसएसपी ने एसपी सिटी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया. जिसमें एसआईटी में नामित अधिकारी सीओ सिटी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, प्रभारी एसओजी और प्रभारी फील्ड यूनिट को शामिल किया गया.