देहरादून: होली के तुरंत बाद सीएम धामी देहरादून से पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो गए हैं. पश्चिम बंगाल में विधानसभा के चुनाव होने हैं. जिसके लिये बीजेपी पश्चिम बंगाल में परिवर्तन यात्रा निकाल रही है. इसी यात्रा में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून से पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुये हैं.
दरअसल, भाजपा पश्चिम बंगाल में वर्तमान तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ सत्ता परिवर्तन का अभियान के तहत परिवर्तन यात्रा संचालित कर रही है. इस परिवर्तन यात्रा की शुरुआत 1 मार्च 2026 को हुई है जो 15 मार्च को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पीएम नरेंद्र मोदी की रैली के साथ समाप्त होगी. उससे पहले ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 4 मार्च को पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो गए हैं. ऐसे में 5 मार्च को पश्चिम बंगाल में चल रही भाजपा की परिवर्तन यात्रा में शामिल होंगे.
तय किए गए कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, दोपहर 3 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो गए हैं.मुख्यमंत्री साढ़े 6 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट कोलकाता पहुंचेंगे. इसके बाद कोलकाता स्थित एक निजी होटल में रात्रि विश्राम करेंगे. साथ ही अगले दिन यानी 5 मार्च को मुख्यमंत्री भाजपा के परिवर्तन यात्रा अभियान में शामिल होंगे.
साथ ही सीएम ने कहा देश के अंदर जहां भी चुनाव हो रहे हैं वहां पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बन रही है. लिहाजा इस विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बनेगी. साथ ही वहा के कुशासन, अपराध और तुष्टिकरण से जनता की मुक्ति मिलेगी.

