spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडमुख्यमंत्री धामी ने चारधाम यात्रा और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद...

मुख्यमंत्री धामी ने चारधाम यात्रा और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के दिए निर्देश

- Advertisement -
नियमित फॉगिंग करो और अस्पतालों में बिजली रोस्टिंग नहीं होगी-सीएम

दस करोड़ रुपये तक के टेंडर स्थानीय ठेकेदारों को ही मिलेंगे

फेक न्यूज फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई होगी

देहरादून: मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से आयोजित बैठक में सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। चारधाम यात्रा के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरती जाए और जिलाधिकारी इसकी नियमित निगरानी करें। मुख्यमंत्री ने फेक न्यूज फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने और सही जानकारी नियमित रूप से विभिन्न माध्यमों से साझा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में किरायेदारों का सत्यापन न कराने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। ठेली, फड़ और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों का भी सत्यापन किया जाए। अपात्र व्यक्तियों को राशन कार्ड, आधार कार्ड, बिजली कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड आदि दस्तावेज जारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सत्यापन कार्य में सभी विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए।

मुख्यमंत्री ने वनाग्नि प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने और आगजनी की घटनाओं में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डेंगू नियंत्रण के लिए नियमित फॉगिंग और जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। अस्पतालों में बिजली की रोस्टिंग न करने तथा ग्रीष्मकाल में बिजली और पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने आगामी कैंचीधाम वार्षिकोत्सव के दृष्टिगत सड़कों की बेहतर स्थिति और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी समय-समय पर विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण करें ताकि व्यवस्थाएं दुरुस्त बनी रहें और जन समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।

मुख्यमंत्री ने स्मार्ट मीटर लगाने की प्रगति की नियमित निगरानी, विद्युत बिल शिकायतों का गंभीरता से समाधान करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा 10 करोड़ रुपये तक के टेंडर स्थानीय ठेकेदारों को ही दिए जाने के निर्देश भी दिए। साथ ही, सौर स्वरोजगार योजना के लक्ष्यों को पूर्ण करने के लिए सभी जिलों को निर्देशित किया गया।

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, सड़कों की स्थिति, घोड़ा-खच्चर संचालकों को प्राथमिकता देने, यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और उचित दर सूची का पालन सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, मीनाक्षी सुंदरम, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमन, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत व सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Advertisement

spot_imgspot_img

Advertisement

spot_imgspot_img

-VIDEO ADVERTISEMENT-

-VIDEO ADVERTISEMENT-

Most Popular