केदारनाथ धाम के लिए सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन
देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। यात्रा के लिए अब तक 20 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं।
विभाग की ओर से जारी दैनिक बुलेटिन के अनुसार 21 अप्रैल शाम तक कुल 20,66,274 तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया है। आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए हुआ है। केदारनाथ के लिए अब तक 7,22,966 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। इसके अलावा बदरीनाथ धाम के लिए 6,09,339, गंगोत्री के लिए 3,61,243 और यमुनोत्री धाम के लिए 3,50,859 यात्रियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। वहीं हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए अब तक 21,867 श्रद्धालु पंजीकरण कर चुके हैं। आगामी दो दिनों के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन के लिए पंजीकरण कराया है। 22 अप्रैल को यमुनोत्री के लिए 7,652, गंगोत्री के लिए 9,279 और केदारनाथ के लिए 23,017 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इस दिन कुल 39,948 श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पंजीकरण दर्ज किए गए हैं।

वहीं 23 अप्रैल को यमुनोत्री के लिए 6,472, गंगोत्री के लिए 7,154, केदारनाथ के लिए 22,893 और बदरीनाथ के लिए 7,219 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। इस दिन कुल 43,738 श्रद्धालुओं के दर्शन की योजना है। आगामी दो दिनों में कुल 83,686 श्रद्धालुओं ने चारधाम दर्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। उत्तराखंड में स्थापित भौतिक पंजीकरण केंद्रों पर भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। मंगलवार को विभिन्न ऑफलाइन केंद्रों से कुल 5,243 यात्रियों का पंजीकरण किया गया। इनमें हरिद्वार केंद्र से 2,949 और ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप से 2,206 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया। इसके अलावा हरबर्टपुर केंद्र से 88 यात्रियों का रजिस्ट्रेशन किया गया।

