spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडआपदा प्रबंधन को ग्राम स्तर तक सशक्त बनाने की पहल, मंत्री मदन...

आपदा प्रबंधन को ग्राम स्तर तक सशक्त बनाने की पहल, मंत्री मदन कौशिक ने की U-PREPARE परियोजना की समीक्षा

देहरादून: आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री श्री मदन कौशिक ने आज USDMA में विश्व बैंक सहायतित U-PREPARE Project के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा परियोजना के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री ने कहा कि अब आपदा प्रबंधन विभाग और पंचायती राज विभाग मिलकर कार्य करेंगे, ताकि ग्राम स्तर पर आपदा से निपटने की क्षमता को मजबूत किया जा सके और स्थानीय स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सके। इस पहल के तहत प्रथम चरण में राज्य के ग्राम प्रधानों को आपदा प्रबंधन का व्यवहारिक एवं आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम प्रधानों को आपदा की स्थिति में First Responder के रूप में तैयार करना है ताकि वे आपदा के बाद प्रारंभिक राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित कर सकें और पेशेवर बचाव दलों के पहुंचने तक स्थिति को नियंत्रित रख सकें। इसके साथ ही राज्य में व्यापक स्तर पर आपदा सुरक्षित गांव विकसित किए जाएंगे, जो भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ और अन्य संभावित आपदाओं का सामना करने में सक्षम हों।

मंत्री ने कहा कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हों और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। विशेष रूप से पुलों के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन कार्यों के लिए निविदा आमंत्रित की जानी है, उनकी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए ताकि परियोजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो।
उन्होंने कहा कि आपदा शेल्टर के निर्माण हेतु स्थान का चयन करते समय क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, आपदा जोखिम और स्थानीय आवश्यकता को प्राथमिकता दी जाए। इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्होंने USDMA भवन में प्रस्तावित अत्याधुनिक राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं राज्य के विभिन्न जनपदों का भ्रमण कर परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन, सचिव खाद्य एवं परियोजना निदेशक श्री आनंद स्वरूप, ACEO प्रशासन श्री महावीर सिंह चौहान, ACEO क्रियान्वयन DIG श्री राजकुमार नेगी, JCEO मो. ओबैदुल्लाह अंसारी, वित्त नियंत्रक श्री अभिषेक कुमार आनंद, ULMMC के निदेशक डाॅ. शांतनु सरकार, APD श्री एसके बिरला, डाॅ. मोहित पूनिया, श्री पीडी माथुर आदि उपस्थित रहे।
RELATED ARTICLES

-VIDEO ADVERTISEMENT-

Most Popular