देहरादून: दिनदहाड़े देहरादून में बीच बाजार युवती की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने पुलिस पूछताछ में कई चौकाने वाले खुलासे किए हैं. फिलहाल, आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है.
देहरादून पुलिस ने बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र में दूल्हा बाजार के पास गली में 2 फरवरी सुबह युवक ने एक युवती पर धारदार हथियार से हमला किया था. इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल भी हो गई थी, जिसे दून अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
दुकान में काम करती थी युवती: मृतक युवती की पहचान गुंजन पुत्री मनीष श्रीवास्तव निवासी गोविंदगढ़ के रूप में हुई थी. पुलिस की जांच में सामने आया कि गुंजन दूल्हा बाजार की एक दुकान में काम करती थी. दो फरवरी सुबह को भी गुंजन रोजाना की तरह काम पर दूल्हा बाजार पहुंची थी.
दुकान जाते समय किया धारदार हथियार से वार: पुलिस ने बताया कि गुंजन ने गली में अपने जीजा के घर के पास स्कूटी खड़ी और बाद में गली से दुकान की ओर जाने लगी. तभी अचानक से आरोपी आकाश पुत्र कोमल राम ने गुंजन पर हमला कर दिया. इस वारदात के बाद से ही आरोपी आकाश फरार चल रहा था. आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हुई थी. वारदात के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाब हो गई.
तीन साल से दोनों एक-दूसरे को जानते थे: पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो भी दूल्हा बाजार में एक दुकान पर काम करता है. तीन साल पहले ही उसकी मुलाकात गुंजन से हुई थी, वो कभी-कभी गुंजन के घर भी जाया करता था. इसकी जानकारी गुंजन के परिजनों को भी लग गई थी, जिस पर गुंजन के परिजनों ने आपत्ति जताई थी.
दो दिन पहले ही युवती ने पुलिस को दी थी शिकायत: पुलिस ने बताया कि दो दिन पहले भी युवती ने आरोपी को समझाने के लिए पुलिस चौकी खुडबुडा में एक प्रार्थना पत्र दिया था, तभी से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी, लेकिन कोई सुराग नहीं लग रहा था. आरोपी अपना मोबाइल बंद करके गायब था. पुलिस ने बचने के लिए आरोपी अलग-अलग स्थानों पर छिप रहा था. इन दो दिनों में आरोपी अपनी दुकान पर भी नहीं गया.
हत्या की असल वजह: पुलिस का कहना है कि युवती के कारण घर में चल गृह क्लेश, युवती से बातचीत बंद होने और चौकी में उसकी शिकायत के कारण आरोपी युवक आवेश में था. इसी वजह से आज उसने दिनदहाड़े बीच बाजार में युवती का कत्ल कर दिया. पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र 27 साल है.
उत्तराखंड महिला आयोग ने मामले का लिया संज्ञान: वहीं, उत्तराखंड महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने युवती की निर्मम हत्या की घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया है. इसी कड़ी में महिला आयोग की टीम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया.
कुसुम कंडवाल का कहना है कि देवभूमि में महिलाओं के विरुद्ध ऐसे जघन्य अपराध किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हैं. इस मामले की खुद आयोग की ओर से मॉनिटरिंग की जाएगी.
ताकि, आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके. पुलिस अधिकारियों को सख्ती से निर्देश दिए गए हैं. पुलिस महिलाओं व पीड़िताओं की शिकायतों पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें. ताकि, भविष्य में ऐसे अपराधों की पुनरावृत्ति ना हो सके.

