spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडसंत रविदास जी महाराज के विचारों को आत्मसात कर सामाजिक समरसता और...

संत रविदास जी महाराज के विचारों को आत्मसात कर सामाजिक समरसता और समानता के संकल्प को साकार कर रही प्रदेश सरकार: मुख्यमंत्री

- Advertisement -

हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास के विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर प्रदेश सरकार सामाजिक समरसता, समानता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए काम कर रही है। सामाजिक समरसता केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए।

मुख्यमंत्री सोमवार को डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज, धनौरी में संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प यात्रा’ में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और संत रविदास के आदर्शों एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास की समरसता की सोच को धरातल पर उतारते हुए उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई। प्रदेश सरकार ने जनता के आशीर्वाद से यह व्यवस्था लागू की है। इसके तहत राज्य में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था की गई है। जाति, पंथ और वर्ग के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाता।

उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के समग्र विकास और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। अनुसूचित जाति उपयोजना एवं ट्राइबल सब प्लान के तहत पिछले छह वित्तीय वर्षों में करीब 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इनसे अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

धामी ने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों की पढ़ाई आर्थिक कठिनाइयों के कारण प्रभावित न हो, इसके लिए पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को करीब 114 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत अनुसूचित जाति बहुल गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास कर उन्हें आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं, बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के तहत देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत पति-पत्नी में से एक के अनुसूचित जाति वर्ग से होने पर दंपत्ति को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। पिछले तीन वर्षों में 209 दंपत्तियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की गई है।

इसी तरह गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक कठिनाई बाधा न बने, इसके लिए शादी अनुदान योजना चलाई जा रही है। इसके तहत पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए प्रति बेटी 50 हजार रुपये की सहायता सीधे उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा, गरिमा और सम्मानजनक रोजगार सुनिश्चित करने के लिए नमस्ते योजना संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य उन्हें असुरक्षित सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के काम से मुक्त कराने के साथ स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार संत रविदास के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा सामाजिक एकता, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने लोगों से संत रविदास के आदर्शों को अपने जीवन और व्यवहार में अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में महानिर्वाणी अखाड़े के महंत रवींद्र पुरी, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि, बाबा हठयोगी, स्वामी प्रबोधनंद गिरि, महंत अरुणदास, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास और प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल, राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल और श्यामवीर सैनी, लाल सिंह आर्य, भोला सिंह, गजेंद्र यादव, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Advertisement

spot_imgspot_img

Advertisement

spot_imgspot_img

-VIDEO ADVERTISEMENT-

-VIDEO ADVERTISEMENT-

Most Popular