spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडसमाधान दिवस में 103 शिकायतें, डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण...

समाधान दिवस में 103 शिकायतें, डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

- Advertisement -

180 दिन से लंबित शिकायतों पर विभागों से जवाब तलब, विद्युत पोल तत्काल बदलने के आदेश।

छह माह से नहीं बदले विद्युत पोल, यूपीसीएल पर भड़के डीएम; मांगा स्पष्टीकरण

हिट-एंड-रन क्लेम से लेकर बेटी की शादी की मदद तक, समाधान दिवस में उठीं संवेदनशील गुहारें

देहरादून: जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित 103 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें भूमि विवाद, अवैध कब्जे, आर्थिक सहायता, प्रमाण पत्र और विद्युत संबंधी समस्याएं शामिल रहीं। डीएम ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कुछ शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर निस्तारण की स्थिति जानी। सीएम हेल्पलाइन पर 180 दिनों से लंबित शिकायतों पर संबंधित विभागों से स्पष्टीकरण मांगा और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

जनसुनवाई में कई संवेदनशील मामले भी सामने आए। जाखन निवासी 76 वर्षीय गोविंद राम शाह ने बेटे पर मकान कब्जाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। डीएम ने एसडीएम सदर को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर बुजुर्ग को राहत दिलाने के निर्देश दिए। टीबी पीड़ित मरीज को दून अस्पताल में भर्ती नहीं किए जाने की शिकायत पर सीएमओ को उसी दिन उपचार शुरू कराने को कहा गया। वहीं, प्रेमनगर निवासी शीला देवी के पति की हिट-एंड-रन दुर्घटना में मृत्यु के बाद क्लेम नहीं मिलने के मामले में भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

विकासनगर निवासी पुष्पा भट्ट की बेटी का जाति प्रमाण पत्र जारी करने और हरिपुर कालसी निवासी शराफत अली के उत्तरजीवी प्रमाण पत्र संबंधी प्रकरण पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ऋषिकेश-चंद्रबनी निवासी हेमवती नंदन देवरानी ने एक स्कूल की ओर से घर के सामने कूड़ा फेंके जाने की शिकायत की। इस पर एसडीएम और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को संयुक्त जांच के निर्देश दिए गए।

मन्नूगंज निवासी जसवीर कौर ने दिसंबर में प्रस्तावित बेटी की शादी के लिए आर्थिक सहायता मांगी। डीएम ने एडीएम को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता का प्रस्ताव भेजने को कहा। दो बुजुर्गों ने भी आर्थिक सहायता की मांग रखी। भगत सिंह कॉलोनी निवासी निदा रब्बानी की घर में बिजली का मीटर न होने की शिकायत पर विद्युत विभाग को दो दिन में समस्या दूर करने के निर्देश दिए गए।

भूमि कब्जे और धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए। ग्राम क्यारी और एकता विहार की भूमि पर कब्जे की शिकायतों पर एसडीएम को कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं, टिहरी के ग्राम कोटी निवासी मनोज पंवार ने भूमि खरीद-बिक्री के मामले में 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।

छह माह से लंबित विद्युत पोल बदलने की शिकायतों पर डीएम ने यूपीसीएल के अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने दोनों विद्युत पोल तत्काल बदलने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी विभागों को शिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करने को भी कहा। समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, जीतेंद्र कुमार, एसडीएम राजकुमार पांडेय, अभय प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Advertisement

spot_imgspot_img

Advertisement

spot_imgspot_img

-VIDEO ADVERTISEMENT-

-VIDEO ADVERTISEMENT-

Most Popular