spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडलुटेरों के साथ पुलिस की मुठभेड़, SHO घायल, मुठभेड़ में एक बदमाश...

लुटेरों के साथ पुलिस की मुठभेड़, SHO घायल, मुठभेड़ में एक बदमाश की मौत

इंस्पेक्टर समेत तीन घायल, फरार आरोपियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन तेज

देहरादून:  29/30 अप्रैल की रात्रि पुलिस से हुई मुठभेड़ में एक बदमाश की मौत हो गयी। जबकि क्रॉस फायरिंग में एसएचओ नरेश राठौर समेत तीन पुलिस कर्मी घायल हो हो गए।

देर रात हुई वारदात के बारे में एसएसपी प्रेमेंदर डोभाल ने बताया कि  थाना प्रेमनगर में कंट्रोल रूम/एमडीटी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि अज्ञात बदमाशों द्वारा एक व्यक्ति के साथ लूट की घटना की गई है ।  घटना के दौरान शिकायतकर्ता को गोली मार दी गई है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे।

मौके पर घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया। उसने बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार कुछ बदमाशों ने उसके साथ लूटपाट की और उसे गोली मारकर विश्रांति की ओर फरार हो गए। उसने यह भी बताया कि उसके नीले रंग के बैग में रखे लगभग दो लाख रुपये, एक मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, आईडी और अन्य दस्तावेज तमंचे के बल पर लूट लिए गए।

घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद पुलिस ने बताए गए मार्ग पर बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जंगल की ओर जाती संदिग्ध कार दिखाई दी। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी और गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। पुलिस ने उनका पीछा जारी रखा, इस दौरान बदमाशों ने पुनः फायरिंग की।

फायरिंग के दौरान एक गोली प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर को लगी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घायल बदमाश, पीड़ित देवराज तथा घायल प्रभारी निरीक्षक को उपचार के लिए प्राथमिक चिकित्सालय प्रेमनगर लाया गया, जहां से तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान घायल बदमाश की कोरोनेशन अस्पताल में मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक नगर मौके तथा चिकित्सालय पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। फरार बदमाशों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। जनपद के सभी नाकों और बैरियर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा सीमाओं पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई और पूछताछ जारी है।

RELATED ARTICLES

-VIDEO ADVERTISEMENT-

Most Popular