spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडअल्पसंख्यक कल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक में मंत्री खजान दास ने दिए...

अल्पसंख्यक कल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक में मंत्री खजान दास ने दिए अहम निर्देश

देहरादून: प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास ने आज विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

मंत्री ने अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अंतर्गत किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आज हमने बैठक में शामिल सभी सदस्यों से सुझाव हासिल किये हैं तथा विभाग के अंतर्गत और कितने जनकल्याणकारी कार्य किये जा सकते हैं इस बारे में चर्चा की है।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यों के प्रति जनमानस को जागरूक किया जाए तथा होर्डिंग तथा अन्य प्रचार-प्रसार माध्यमों से जनकल्याणकारी योजनाओं को साझा किया जाए।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हमारी सरकार अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यों की समय-समय पर देखरेख की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कार्य करने की नियत हो तो सारे कार्य अच्छे ढंग से पूर्ण किये जा सकते हैं।

मंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि जनता के विकास के साथ-साथ प्रदेश का भी विकास हो। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में नये तथ्यों पर समीक्षा की जायेगी। उन्होंने विभाग द्वारा प्रदान की जाने वाली छात्रवृत्ति के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि कैम्प लगाकर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से छात्रवृत्ति वितरित की जाए ताकि लोगों को योजना की जानकारी मिल सके।

मंत्री ने मुख्यमंत्री हुनर योजना के तहत एनजीओ के माध्यम से हो रहे कौशल विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कौशल कार्यक्रमों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को भी देना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर विशेष सचिव पराग मधुकर धकाते, उप सचिव एचएस बसेड़ा, अध्यक्ष मदरसा बोर्ड मुफ्ती शमून कासमी, अध्यक्ष वक्फ बोर्ड शादाब शम्स, उपाध्यक्ष अल्पसंख्यक आयोग फरजाना बेगम तथा अन्य विभागीय अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

-VIDEO ADVERTISEMENT-

- Advertisment -spot_imgspot_img

Most Popular