spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडराज्यपाल का दो दिवसीय पौड़ी दौरा, अस्पताल का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं...

राज्यपाल का दो दिवसीय पौड़ी दौरा, अस्पताल का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

पौड़ी गढ़वाल: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) पौड़ी दौरे पर हैं. दौरे के दूसरे दिन राज्यपाल ने जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया. उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायज़ा लिया. इसके बाद उन्होंने जिला पुस्तकालय का लोकार्पण कर वहां उपस्थित पाठकों व छात्र छात्राओं से संवाद किया.

शनिवार को पौड़ी भ्रमण के दूसरे दिन राज्यपाल ने सबसे पहले जिला अस्पताल पौड़ी पहुंचे. जहां उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार व्यवस्थाओं एवं आधारभूत ढांचे का विस्तृत निरीक्षण किया. उन्होंने अस्पताल का भ्रमण कर भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से संवाद किया. राज्यपाल ने उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता और डॉक्टरों के व्यवहार के संबंध में जानकारी प्राप्त की.

इस दौरान उन्होंने कहा मरीजों को समयबद्ध, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. राज्यपाल ने डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों से भी बातचीत कर उनके अनुभव, कार्य परिस्थितियों एवं उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली. उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि तकनीकी संसाधनों को कड़ी मेहनत और मानवीय संवेदनशीलता के साथ जोड़ने से ही स्वास्थ्य सेवाओं में वास्तविक प्रगति संभव है.निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने आईसीयू कक्ष, डिजिटल एक्स-रे कक्ष एवं सीटी स्कैन यूनिट का अवलोकन किया. उन्होंने जिला अस्पताल को और बेहतर बनाने के लिए सीएमएस से सुझाव मांगे.

राज्यपाल ने जिला पुस्तकालय का भी उद्घाटन किया. इस दौरान जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने राज्यपाल का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया. इस अवसर पर जिलाधिकारी ने राज्यपाल को पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों, आधुनिक फर्नीचर, पठन-पाठन की सुविधाओं, बुक स्टोरेज, वाई-फाई जोन, पेयजल व्यवस्था, पहाड़ी शैली में बनी बाह्य अवसंरचना, घंटाघर के एकीकरण एवं अन्य संसाधनों की विस्तृत जानकारी दी गयी. राज्यपाल ने पुस्तकालय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की. इसे विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बताया. राज्यपाल ने उपस्थित विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, कैरियर योजनाओं एवं भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की.

RELATED ARTICLES

-VIDEO ADVERTISEMENT-

- Advertisment -spot_imgspot_img

Most Popular