spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडशांतिकुंज शताब्दी समारोह का भव्य शुभांरभ, केंद्रीय मंत्री के साथ सीएम धामी...

शांतिकुंज शताब्दी समारोह का भव्य शुभांरभ, केंद्रीय मंत्री के साथ सीएम धामी ने की शिरकत

- Advertisement -

हरिद्वार: देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित ‘ध्वज वंदन समारोह’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने प्रतिभाग किया। यह कार्यक्रम अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा तथा अखंड दीपक के शताब्दी समारोह के अंतर्गत आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह शताब्दी समारोह वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के तपस्वी जीवन, निःस्वार्थ सेवा और अखंड साधना के प्रति राष्ट्र की भावपूर्ण कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि माताजी का जीवन त्याग, बलिदान और साधना की वह ज्योति है, जिसने असंख्य जीवनों को नई दिशा दी। गायत्री परिवार किसी एक संगठन की सीमाओं में नहीं बंधा, बल्कि यह युग चेतना का ऐसा प्रवाह है, जो व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के उत्थान का मार्ग प्रशस्त करता है।

मुख्यमंत्री ने देवभूमि उत्तराखण्ड की आध्यात्मिक विरासत का स्मरण करते हुए कहा कि गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ और आदि कैलाश जैसे तीर्थस्थल भारत की आत्मा की धड़कन हैं। ऐसे पावन वातावरण में आयोजित यह शताब्दी समारोह भारतीय संस्कृति, संस्कार और साधना परंपरा के नवजागरण का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखण्ड के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है, सख्त दंगारोधी एवं धर्मांतरण विरोधी कानून बनाए गए हैं तथा 10 हजार एकड़ से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाया गया है।
सेवा, साधना और संस्कार से होगा नवयुग का निर्माण
शताब्दी समारोह सामूहिक चेतना जाग्रत करने का प्रयास

केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि सेवा, साधना और संस्कार के त्रिवेणी संगम के रूप में यह शताब्दी समारोह नवयुग के निर्माण में मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि विश्व की महान सभ्यताओं का निर्माण सामूहिक चरित्र निर्माण से ही संभव हुआ है। जब व्यक्ति अपने जीवन में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सेवा भाव को आत्मसात करता है, तभी सशक्त संस्कृति और स्थायी सभ्यता का निर्माण होता है।
शताब्दी समारोह के दलनायक एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि यह आयोजन किसी एकांत तपोभूमि का नहीं, बल्कि युगऋषि पूज्य आचार्य का “खोया-पाया विभाग” है, जहाँ व्यक्ति स्वयं को और अपने दायित्व को पुनः खोजता है। उन्होंने कहा कि समाज परिवर्तन की शुरुआत आत्मपरिवर्तन से होती है।

उन्होंने कहा—
“गंगा की कसम, यमुना की कसम, यह ताना-बाना बदलेगा।
कुछ हम बदलें, कुछ तुम बदलो, तभी यह ज़माना बदलेगा।”

शताब्दी समारोह के अवसर पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, राज्य मंत्री विनय रुहेला, सुदर्शन न्यूज के प्रबंध निदेशक सुरेश चव्हाण, ईडी के पूर्व निदेशक राजेश्वर सिंह सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में न्यायाधीश परविन्दर सिंह, भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, स्वामी सम्पूर्णानंद, स्वामी वेलु बापू, के. नारायण राव, रमेश भट्ट, दिनेश काण्डपाल, आचार्य डॉ. दयाशंकर विद्यालंकार सहित कई विशिष्ट जनों को शांतिकुंज का प्रतीक चिह्न, गंगाजली, रुद्राक्ष माला एवं युग साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया। राजा दक्ष की नगरी कनखल स्थित वैरागी द्वीप पर जब शताब्दी ध्वज लहराया, तो श्रद्धा और संकल्प से परिपूर्ण वातावरण में शताब्दी समारोह का शुभारंभ हुआ। यह आयोजन 23 जनवरी तक चलेगा।

कार्यक्रम में विधायक हरिद्वार मदन कौशिक, दायित्वधारी श्यामवीर सैनी, देशराज कर्णवाल, शोभाराम प्रजापति, जिला अध्यक्ष भाजपा आशुतोष शर्मा, पूर्व विधायक संजय गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Advertisement

spot_imgspot_img

Advertisement

spot_imgspot_img

-VIDEO ADVERTISEMENT-

-VIDEO ADVERTISEMENT-

Most Popular