spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडमुख्यमंत्री धामी ने कहा -जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी परिस्थिति में...

मुख्यमंत्री धामी ने कहा -जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं,नकली दवाओं के सौदागरों पर होगी सख्त कार्रवाई

स्वदेशी अभियान और अग्निवीर प्रशिक्षण को लेकर भी दिए निर्देश

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिलाधिकारियों, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त रूप से सघन अभियान चलाकर नकली दवाइयों के निर्माण और बिक्री को पूरी तरह समाप्त करने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाए।

धराली आपदा पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, राहत और आजीविका की व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सचिव राजस्व की अध्यक्षता में गठित समिति को शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। समिति की रिपोर्ट आने के बाद अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर राहत एवं पुनर्वास कार्य किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में व्यापक स्तर पर स्वदेशी अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। सरकारी खरीद में स्वदेशी उत्पादों और उपकरणों को प्राथमिकता देने तथा सरकारी कार्यक्रमों और आयोजनों में स्थानीय उत्पादों के अधिकतम उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अग्निवीर योजना पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के अग्निवीरों के लिए पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपने दृष्टि पत्र में जनता से किए गए वायदों को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनहित में लिए गए संकल्पों को और तेजी से लागू किया जाए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, सचिव एवं गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पाण्डेय, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

-VIDEO ADVERTISEMENT-

- Advertisment -spot_imgspot_img

Most Popular