spot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडमुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना कार्यक्रम में सीएम धामी ने महिला स्वयं...

मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना कार्यक्रम में सीएम धामी ने महिला स्वयं सहायता समूहों को किया सम्मानित

प्रदेश की 1.63 लाख महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी’

तीन साल में 15 हजार उद्यमियों को इन्क्यूबेशन सहयोग

हाउस ऑफ हिमालयाज को मिलेगा वैश्विक बाजार

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ के तहत सराहनीय कार्य करने वाले महिला स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित किया और उनसे संवाद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना का शुभंकर एवं लोगो लॉन्च किया तथा हाउस ऑफ हिमालयाज के नए उत्पाद और वेबसाइट का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मातृशक्ति के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, उज्ज्वला योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं से आत्मनिर्भर बनाने का कार्य हुआ है। जब महिला आर्थिक रूप से सशक्त होती है, तो वह पूरे समाज को सशक्त बनाती है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी मातृशक्ति के कल्याण के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता और रोजगार के क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। ग्रामीण आजीविका मिशन और मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत अगले तीन वर्षों में 15 हजार से अधिक उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और लखपति दीदियों को व्यवसायिक कौशल प्रशिक्षण, कानूनी एवं लाइसेंसिंग सहयोग, को-वर्किंग स्पेस, निवेश सहायता और विपणन के लिए नेटवर्क उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हाउस ऑफ हिमालयाज अम्ब्रेला ब्रांड के अंतर्गत अभी 35 उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद बाजार में उपलब्ध हैं, जिन्हें शीघ्र ही अन्य देशों में भी निर्यात किया जाएगा। वर्तमान में प्रदेश के 68 हजार स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लगभग 5 लाख महिलाएं संगठित होकर व्यवसाय कर रही हैं। 2023 में शुरू की गई मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के तहत 27 हजार से अधिक स्टॉल के जरिए 7 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हुई है और 1 लाख 63 हजार से अधिक महिलाएं लखपति बन चुकी हैं। महिला समूहों के उत्पादों की प्रोसेसिंग और मार्केटिंग के लिए 49 ग्रोथ सेंटर, 33 नैनो पैकेजिंग यूनिट, 17 सरस सेंटर, 3 राज्य स्तरीय विपणन केंद्र और 8 बेकरी यूनिट संचालित हो रही हैं।

इस अवसर पर अल्मोड़ा की सीमा कुमारी, बागेश्वर की दया दानू, चम्पावत की हेमा उपाध्याय, चमोली की रेखा नेगी, देहरादून की किरण राणा, हरिद्वार की छवि और नैनीताल की किरण जोशी ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_imgspot_img

Most Popular